Wednesday, March 25, 2026

कोरबा: सरपंच विवाद में परिवार के ‘अपहरण’ का आरोप, पुलिस ने किया खारिज

कोरबा जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र के ग्राम करूमौहा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक परिवार ने अपने बेटे, बहू और पोता-पोती के अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायतकर्ता ग्वाल राम यादव ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत की वर्तमान सरपंच और उनके सहयोगियों ने उनके परिवार को बहला-फुसलाकर अपने कब्जे में रखा है। शिकायत में बताया गया कि उनकी बहू निर्मला, जो वार्ड नंबर 4 की निर्वाचित पंच हैं, सरपंच के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव में शामिल थीं। इसी के चलते 16 मार्च को कथित रूप से सरपंच कविता कांदे और उनके समर्थकों ने निर्मला, उनके पति और बच्चों को अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया गया।

यादव परिवार का कहना है कि 21 मार्च तक परिजन वापस नहीं लौटे और उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। उन्होंने पुलिस से परिवार को सुरक्षित लौटाने की मांग की और कहा कि जब भी जानकारी लेने गए, उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।

हालांकि, कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने अपहरण की बात से इनकार किया है। पुलिस ने बताया कि संबंधित महिला अपने पति और बच्चों के साथ मालखरौदा क्षेत्र में रिश्तेदारों के यहां रह रही हैं और जल्द ही लौटने की संभावना है। पुलिस ने कहा कि परिवार लौटने के बाद बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस विवाद ने क्षेत्र में हलचल मचा दी है और स्थानीय लोगों की नजरें पुलिस और पंचायत पर बनी हुई हैं।