Wednesday, May 6, 2026

कोरबा/ सीएसईबी चौक से दर्री बराज चौक तक साढ़े 5 किमी फोरलेन सड़क दो साल से अधूरी

knn24news/ सीएसईबी चौक से दर्री बराज चौक तक साढ़े पांच किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का काम दो साल बाद भी पूर्ण नहीं हो पाया है। डेढ़ साल की अवधि के बाद मार्च 2021 तक एक्सटेंशन दिया गया था। जिसकी अवधि तीन दिन पहले ही समाप्त हो गई। हकीकत यह है कि 15 प्रतिशत से अधिक काम बाकी है। इधर निगम के अधिकारी कह रहे हैं कि हड़ताल की वजह से सीमेंट नहीं आ पाया। जिसकी वजह से काम प्रभावित रहा। होली में भी तीन चार दिन काम बंद रहा। अब फिर से काम शुरू हो गया है। 15 दिनों के भीतर काम पूर्ण कर लिया जाएगा। फोरलेन सड़क के लिए खनिज न्यास मद से 50 करोड़ की मंजूरी मिली थी। लेकिन ठेका 48 करोड़ में गुजरात की कंपनी बेकबोन इंटरप्राइजेस कोे दिया गया था। वर्ष 2018 में काम की शुरुआत हुई। शहर की यह पहली सड़क है जिस पर पूरी तरह नो एंट्री लगाकर काम कराया जा रहा था। इसके बाद भी समय पर काम पूर्ण नहीं हुआ।

जुलाई 2020 तक काम पूर्ण हो जाना था। लेकिन कोरोना संक्रमण के बाद पिछले साल काम बंद रहा। इसकी वजह से कंपनी को एक्सटेंशन दिया जाता रहा। साथ ही लागत और भी कार्य जोड़कर 52 करोड़ कर दिया गया। दिसंबर में मार्च 2021 तक कंप्लीट करने एक्सटेंशन देते हुए छोटे वाहनों के लिए भी नो एंट्री लगा दी गई। इसके बाद भी काम पूर्ण नहीं हुआ है। इसकी वजह से मार्ग पर पड़ने वाले बस्तियों के लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। अभी भी बीच में काम चल रहा है। अगर तेजी से काम हुआ तो ही इस महीने के अंत तक पूरी तरह काम पूर्ण हो पाएगा। नहर पुल से लेकर बरपारा कोहड़िया के बीच सड़क के साथ ही डिवाइडर का काम बाकी है। अभी काम चल रहा है।

सड़क किनारे व फोरलेन के बीच में भी डिवाइडर बनना है। इसकी वजह से अभी छोटे वाहन वनवे में आवाजाही कर रहे हैं। इसे बनाने में भी 15 दिन का समय लगेगा। नहर पुल से पीपलपारा कोहड़िया के बीच टू लेन सड़क का निर्माण कराया गया है। इसकी वजह से ही नो एंट्री लगाई गई थी। आधा किलोमीटर सड़क की चौड़ाई बढ़ाई गई। पुल के लिए अभी फंड की मंजूरी नहीं मिल पाई है। आगे की सड़क फोरलेन है। जिसका काम पूर्ण कर लिया गया है।

मानसनगर: एक तरफ की सड़क नहीं बन पाई
ढोढ़ीपारा हनुमान मंदिर से लेकर ढेंगुरनाला पुल तक एक ओर की सड़क नहीं बन पाई है। इसका काम अभी चल रहा है। अगर तेजी से हुआ तो इसमें सप्ताह भर का समय लगेगा। मानसनगर के पास ही पुल का निर्माण कराया गया है। इसकी वजह से भी यहां काम में देरी हुई है।

गेरवाघाट एप्रोच रोड बनाने भी लगाई जाएगी नो एंट्री
राताखार नहर पुल से गेरवाघाट पुल के बीच एप्रोच रोड बनाने नो एंट्री लगाई जाएगी। जब तक सीएसईबी चौक फोरलेन सड़क का काम पूर्ण नहीं होगा तब तक यह संभव भी नहीं है। 700 मीटर सड़क की चौड़ाई बढ़ाई गई है। अभी इसी मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव है।

15 दिन में काम पूरा हो जाएगा: एसई

नगर निगम के अधीक्षण अभियंता ग्यास अहमद का कहना है कि काम मार्च तक पूर्ण हो जाना था। लेकिन समय पर सीमेंट नहीं आ पाया। वाहन वाले भी हड़ताल में रहे। 10 से 15 प्रतिशत काम ही बाकी है। 15 दिनों के भीतर काम पूर्ण कराने का प्रयास किया जा रहा है।​​​​​​​

तेजी से करा रहे निर्माण: महापौर
महापौर राजकिशोर प्रसाद का कहना है कि सड़क का काम तेजी से कराया जा रहा है। गेरवाघाट एप्रोच रोड को भी बनवाया जाएगा। इसके लिए नो एंट्री की जरूरत होगी। फोरलेन सड़क पर शीघ्र ही भारी वाहन आवाजाही कर सकें इसके लिए प्रयास कर रहे हैं।
लोगों की परेशानी उनकी ही जुबानी
स्ट्रीट लाइट नहीं होने से अंधेरा: दर्री के राकेश कुमार ने बताया कि गेरवाघाट से दर्री के बीच सड़क पर स्ट्रीट लाइट नहीं लगी है। भारी वाहनों के बीच हमेशा दुर्घटना का डर बना रहता है। कोरबा से लौटते समय आंख चौंधिया जाने से सड़क किनारे गिर गए हैं।
डिवाइडर में नहीं लगी पट्टी :

जमनीपाली के डीडी अग्रवाल का कहना है कि फोरलेन सड़क पर अभी आवाजाही करने से दुर्घटना का भय बना रहता है। गेरवाघाट की ओर से आने पर 6 से अधिक डिवाइडर में सफेद पट्टी ही नहीं लगाई गई है। इससे भी हादसे हो रहे हैं।