Thursday, March 5, 2026

कोरबा: सील कबाड़ दुकान के पास अवैध कारोबार, आधी रात पुलिस की दबिश; तीन वाहन जब्त, तीन गिरफ्तार

कोरबा। जिले में अवैध कबाड़ कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला प्रशासन द्वारा सील की गई कबाड़ दुकान के आसपास चोरी-छिपे अवैध कारोबार जारी होने की सूचना पर कोतवाली थाना और सीएसईबी चौकी पुलिस ने आधी रात संयुक्त रूप से छापा मारा। कार्रवाई के दौरान कबाड़ से भरे तीन वाहन जब्त किए गए और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि जब्त किए गए वाहनों में लोहे के बड़े पाइप और अन्य कबाड़ सामग्री भरी हुई थी। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी कबाड़ व्यवसाय से जुड़े हैं और सील की गई दुकान के बावजूद गुपचुप तरीके से कबाड़ की खरीद-फरोख्त कर रहे थे। आरोपी इस कबाड़ को दूसरे जिले में भेजने की फिराक में थे।

एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि अवैध कबाड़ कारोबार की सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी। इस दौरान कबाड़ से लदे वाहन और संलिप्त व्यक्तियों को पकड़ा गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

लोहे का पुल काटकर चोरी का मामला भी आया था सामने

गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत रशियन हॉस्टल के पास लोहे का पुल काटकर चोरी करने का मामला सामने आया था। कबाड़ चोर पुल की रेलिंग और लोहे की प्लेटें काटकर ले गए थे।

इस प्रकरण में पुलिस ने कुल 15 आरोपियों को चिन्हित किया था, जिनमें से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से टाटा एस वाहन, स्प्लेंडर बाइक, गैस कटर मशीन, ऑक्सीजन सिलेंडर, एलपीजी सिलेंडर, मोबाइल फोन और 6,000 रुपये नकद बरामद किए गए थे।