Sunday, March 15, 2026

कोरबा/ हाथियाें ने ताेड़े मकान, चावल-दाल और महुआ चट कर गए

knn24news/ कटघाेरा वनमंडल अंतर्गत पसान सर्किल के ग्राम तनेरा, जल्के व आसपास के अन्य गांवाें में हाथियाें का दल घूम रहा है। हाथियाें के उत्पात से यहां के ग्रामीणाें में दहशत है। मंगलवार-बुधवार की रात पसान सर्किल के तनेरा व जलके में हाथियाें ने जमकर उत्पात मचाया। मकान काे ताेड़ दिया।

गांव एक भवन के बाउंड्रीवाॅल काे भी ताेड़ दिया। ग्रामीण ज्ञान सिंह, तीजू साय,गेंदराम के मकान में ताेड़फाेड़ की। घराें में रखे चावल, दाल, महुआ काे चट कर गए और अन्य सामानाें काे भी नुकसान पहुंचाया। एक पेड़ काे भी गिरा दिया। ग्रामीणाें के अनुसार गांव के अासपास 20 से ज्यादा हाथियाें का दल घूम रहा है। इनके आतंक से डरे हुए हैं। रात में हाथियाें के गांव के आसपास हाेने की जानकारी के बाद से ही ग्रामीण सतर्क हाे गए थे।

ग्रामीण रतजगा करते रहे हैं। गर्मी की वजह से हाथी गांव के करीब तक तालाबाें में भी पानी पीने के लिए पहुंच रहे हैं। इससे भी ग्रामीण डरे हुए हैं। बुधवार काे हाथियाें काे सड़क पार करते भी देखा गया। हाथियाें के दहशत के कारण ग्रामीण रतजगा करने पर मजूबर हैं। इधर वन विभाग हाथियाें के गांव के अासपास हाेने की सूचना पर उन पर नजर रखे हुए है।