कोरबा। दीपका थाना क्षेत्र अंतर्गत SECL दीपका मेगा माइंस में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें कोयला लोड ट्रेलर के पलटने से हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा शनिवार तड़के 24 नंबर कांटा के पास घटित हुआ, जिसमें हेल्पर आशीष डेहरिया की जान चली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर (क्रमांक CG 10 BP-6046) एक निजी कंपनी का था, जो कोयला परिवहन के कार्य में लगा हुआ था। हादसा सुबह करीब 3:30 से 4:00 बजे के बीच हुआ, जब तेज रफ्तार में आ रहा ट्रेलर अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया। ट्रेलर के नीचे दबने से हेल्पर आशीष डेहरिया की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वाहन काफी तेज गति में था और खदान क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और मार्ग सुरक्षा की कमी के चलते यह हादसा हुआ। घटना के बाद खदान में काम कर रहे अन्य कर्मचारियों में आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने भी हादसे के बाद गहरी नाराज़गी जताई है और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब SECL दीपका खदान में इस तरह की जानलेवा दुर्घटना हुई है। लगातार हो रही घटनाओं ने खदान की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूत्रों की मानें तो घटना को दबाने का भी प्रयास किया जा रहा है।








