
जशपुर में बुधवार को तालाब में डूबकर दो बच्चों की मौत हो गई। दोनों नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान 10 साल के बच्चे का पैर फिसला और वह डूबने लगा। यह देखकर 9 साल की बच्ची ने बचाने के लिए छलांग लगा दी, लेकिन दोनों ही तालाब में समा गए। काफी तलाश के बाद दोनों बच्चों के शव देर रात करीब 10 बजे तालाब से निकाले जा सके। सूचना पर गुरुवार सुबह पुलिस पहुंची। मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, आराचौकी के बरपानी में बोखी बरटोली गांव निवासी अनुराग यादव (10) पुत्र संजय यादव और गायत्री सिंह (9) पुत्री डिकोधर सिंह दोनों पड़ोसी होने के साथ ही दोस्त थे। दोनों बच्चे बुधवार को स्कूल गए थे। इसके बाद तालाब में नहाने के लिए चले गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, नहाने के दौरान अनुराग डूबने लगा। यह देखकर गायत्री ने उसे बचाने के लिए तालाब में छलांग लगा दी, लेकिन वह भी डूब गई।











