गरियाबंद हिंसा: डुटकैया में सांप्रदायिक तनाव के बाद दहशत, आधा दर्जन घरों में आगजनी, 7 पुलिसकर्मी घायल

राजिम हिंसा मामलें का पहला CCTV फुटेज आया सामनेराजिम/गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले का डुटकैया गांव रविवार को सांप्रदायिक हिंसा की आग में झुलस गया। जेल से जमानत पर छूटे आरोपियों द्वारा ग्रामीणों पर जानलेवा हमले के बाद भड़की हिंसा ने उग्र रूप ले लिया। भीड़ ने अल्पसंख्यक समुदाय के घरों को निशाना बनाते हुए जमकर तोड़फोड़, लूटपाट और आगजनी की। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंचे पुलिस बल पर भी पथराव हुआ, जिसमें कम से कम 7 पुलिसकर्मी जख्मी हो गए हैं।

विवाद की जड़: शिव मंदिर अपमान और पुरानी रंजिश

पुलिस जांच और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस हिंसा की पटकथा साल भर पहले लिखी गई थी। मुख्य आरोपी आरिफ खान और उसके साथियों पर गांव के चैवेश्वर शिव मंदिर में तोड़फोड़ का आरोप था।

  • जमानत पर रिहाई: आरोपी आरिफ हाल ही में जमानत पर बाहर आया था।

  • गवाहों पर हमला: 1 फरवरी (रविवार) की सुबह आरिफ और उसके दो साथियों (सलीम खान और इमरान सिद्दीकी) ने मंदिर मामले के प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य ग्रामीणों पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

  • भड़का आक्रोश: हमले की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए और आरोपियों के घरों को घेर लिया।

सीसीटीवी में कैद भयावह मंजर

घटना के जो वीडियो और सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं, वे दिल दहला देने वाले हैं। हमलावरों ने योजनाबद्ध तरीके से घरों में घुसने से पहले सीसीटीवी कैमरों को तोड़ा।

  • घरों में आगजनी: भीड़ ने आधा दर्जन से अधिक घरों में तोड़फोड़ की और उन्हें आग के हवाले कर दिया।

  • लूटपाट और तोड़फोड़: कई घरों से कीमती सामान लूटने और वाहनों को फूंकने की खबरें भी सामने आई हैं।

  • पुलिस बनी ढाल: अल्पसंख्यक समुदाय की महिलाओं और बच्चों को भीड़ से बचाने के लिए पुलिस को कई घंटों तक मानव श्रृंखला (Shield) बनकर खड़ा रहना पड़ा।

अब तक की बड़ी कार्रवाई

एसपी वेदव्रत सिरमौर ने पुष्टि की है कि स्थिति अब नियंत्रण में है, लेकिन तनाव बरकरार है।

  1. मुख्य आरोपी गिरफ्तार: हमले के मुख्य आरोपी आरिफ खान समेत 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

  2. दोहरी जांच: पुलिस ने हिंसा और आगजनी करने वालों के खिलाफ भी FIR दर्ज की है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।

  3. गांव छावनी में तब्दील: राजिम और फिंगेश्वर थाने के अलावा रायपुर से अतिरिक्त बल बुलाया गया है। आईजी अमरेश मिश्रा खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

  4. विस्थापन: भय के कारण गांव के कई परिवार घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हुए हैं।

प्रशासन की अपील: गरियाबंद पुलिस ने आम जनता से सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की अफवाह न फैलाने और शांति बनाए रखने की अपील की है। अफवाह फैलाने वालों पर सख्त साइबर निगरानी रखी जा रही है।