
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दो दिन पहले हुई किशोरी की संदिग्ध मौत का मामला अभी भी रहस्य बना हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर ने इस बात का खुलासा किया है कि गला दबाने से किशोरी की मौत हुई है। लेकिन हत्यारा कौन है इसका अब तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। मामला बांगो थाना क्षेत्र का है। दरअसल कटघोरा अंबिकापुर मार्ग में नेशनल हाईवे 130 बी पर महेशपुर के पास खेत में स्थित कुएं में विद्या गोड की लाश 2 दिन पहले मिली थी। बांगो थाना क्षेत्र के पाथा गांव की रहने वाली गोड अपनी मौसी के घर रह कर पढ़ रही थी। इस दौरान गांव से निकलकर वह कब कटघोरा पहुंची और उसके साथ यह घटना कब हुई, इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। पुलिस ने बताया कि शव मिलने पर मर्ग कायम किया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या करने का जिक्र किया गया है। इसलिए अब इस आधार पर आगे की जांच की जा रही है।
बता दें कि जिस स्थान पर विद्या की लाश मिली थी उसके कुछ दूर आगे उसका बैग मिला था। इसमें कपड़े और पुस्तकें रखी थी। फिलहाल पुलिस की जांच का केंद्र यह है कि वह किसके साथ यहां तक पहुंची थी और ऐसा क्या हुआ जिसके कारण उसका गला दबा का हत्या की गई और शव कुए में फेंक दिया गया










