knn24news/ कोरोना टीकारण ग्रामीण इलाकों में करवाना बड़ी चुनौती है। महासमुंद के ग्रामीण इलाकों से हर रोज ग्रामीणों और स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के अफसरों के बीच विवाद की खबरें आ रही थीं। तहसीलदार मूलचंद चोपड़ा रविवार को खुद ग्रामीण इलाकों में गए वहां लोगों से बात की। अफवाहों ने इन इलाकों को इस कदर घेरा है, कि कुछ महिलाएं फिर अफसर से इस बात को लेकर बहस करने लगीं कि वो टीका लगवाएंगी तो मर जाएंगी। तब चोपड़ा ने कहा कि- मैंने खुद टीका लगवाया है, मैं जिंदा हूं ये सबूत है कि टीका लगाने से कुछ नहीं होता। आप भी लगवाइए आपको भी कुछ नहीं होगा। कोरोना की तीसरी लहर खतरानाक होगी, 24 घंटे में मरीज की स्थिति बिगड़ जाएगी।
गांव वालों से तहसीलदार की इस बात-चीत का वीडियो वायरल हो गया। शिद्दत से ग्रामीणों को समझाते इस अधिकारी के वीडियो को काफी लोगों ने शेयर किया। ये वीडियो महासमुंद के नगर पंचायत तुमगांव का है। यहां एक वॉट्सएप मैसेज की वजह से ग्रामीणों के बीच अफवाह फैल गई। अफसरों की टीम ने बात-चीत के जरिए लोगों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया। गांव वालों ने भी बाद में उनकी बात को समझा और टीकाकरण को राजी हुए।
प्रदेश में टीकाकरण का हाल
शनिवार रात 9 बजे तक सामने आए आंकड़ों के मुताबिक राज्य के 541 केन्द्रों में 36 हजार 894 लाेगों का टीका लगवाया। इनमें से अंत्योदय के 3004, बीपीएल के 12887, एपीएल के 21003 लोग शामिल हैं। प्रदेश के 28 जिलों में 7 मई की स्थिति में सभी श्रेणियों में 58 लाख 33 हजार से अधिक वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी हैं। जिसमें 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 43 लाख 25 हजार से अधिक को पहली डोज और 4 लाख 73 हजार से अधिक को दूसरी डोज लगाई गई।








