कोरबा। जिले में चल रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, कटघोरा थाना क्षेत्र के जटगा पुलिस सहायता केंद्र अंतर्गत आरोपी राजेश दुबे (43 वर्ष) के खिलाफ पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार बरामद होने पर आर्म्स एक्ट के तहत भी अतिरिक्त कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।









