
रायपुर के श्याम नगर में रहने वाली एक महिला के साथ 1 लाख 60 हजार रुपए की ठगी हो गई। ये ठगी नामी इंश्योरेंस कंपनी मैक्स लाइफ इंश्योरेंस के नाम पर हुई। महिला की शिकायत पर तेलीबांधा थाने की पुलिस ने एक ठग कॉलर के खिलाफ केस दर्ज किया है। अब साइबर सेल की मदद से ठगी करने वाले का पता लगाने का प्रयास पुलिस कर रही है। महिला ने उन खातों की जानकारी भी पुलिस को दी है जिसमें ठग ने रुपए जमा कराए।
श्याम नगर इलाके में रहने वाली गृहणी किरण दीप कौर ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि उसने साल 2015 में अपने नाम से मैक्स लाइफ इंश्योरेंस से पॉलिसी खरीदी थी। इस पॉलिसी का प्रीमियम एकाउंट से आटो डेबिट होता था। 4 प्रिमियम जमा करने के बाद अपने कुछ निजी कारणों से महिला ने प्रीमियम जमा नहीं किए थे। जून महीने में महिला ने प्रीमियम जमा करने के लिये अपने मोबाइल से गूगल पर मैक्स लाइफ कस्टमर केयर का नंबर सर्च किया। इस 9717208187 नंबर पर महिला ने संपर्क किया, तो कॉल रिसीव करने वाले ने खुद को कंपनी का स्टाफ बताया।
लेट फीस का डर दिखाकर पॉलिसी एक्टिवेट करने मांगे 75 हजार रुपए
शातिर ठग ने लेट फीस का डर बताया और बचने के लिए पॉलिसी एक्टिवेट करने का झांसा देकर 75 हजार 200 रुपए मांगे। महिला के राजी होते ही ठग ने उसे अकाउंट नंबर 309009373413 और IFSC कोड RATN0000204 दिया। महिला ने अपने एक्सिस बैंक के खाते से 21 जून को रुपए जमा कर दिए। इसके बाद रुपयों की डिटेल मांगी, पर नहीं मिली। फिर ठग ने सीवीसी कोड जनरेट के लिये 68,650 रुपए पंजाब नेशनल बैंक के खाता नंबर 4613000100065516 में जमा करवा लिए। इसके बाद तीन दिनों तक ठग का फोन नंबर बंद हो गया।
टैक्स के नाम पर 3 दिन बाद 16 हजार मांगे
महिला लगातार उस पर कॉल करती रही। तीन दिनों के बाद ठग का कॉल आया और कहा कि आपकी पॉलिसी के मामले में इंक्वायरी चल रही है ऑडिट किया जा रहा है। इसके बाद फिर से उसने 16,240 रुपए टैक्स वगैरह के नाम पर जमा करने को कहा। महिला ने ये रुपए भी दे दिए। इसके बाद फिर से 14 हजार रुपए की डिमांड की गई। महिला को रुपए कोई जानकारी नहीं मिल रही थी। दूसरी तरफ रुपए जमा करवाने की डिमांड ठग किए जा रहा था। महिला ने मैक्स लाइफ इंश्योरेंस के दफ्तर जाकर बात की तो ठगी का पता चला। अब महिला ने सभी ट्रांजेक्शन की जानकारी पुलिस को देकर शिकायत की है।
