Thursday, April 30, 2026

गैंगरेप कांड: 2 नाबालिगों से दुष्कर्म, 8 आरोपी गिरफ्तार, 4 नाबालिग शामिल

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में दो नाबालिग लड़कियों से सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना 24 अप्रैल की है, जब चार सहेलियां शादी समारोह से देर रात लौट रही थीं। इसी दौरान 6 बाइक में सवार 12 युवकों ने उन्हें घेर लिया। दो लड़कियां किसी तरह भाग निकलीं, जबकि दो नाबालिगों को आरोपी खेत में ले गए और उनके साथ दुष्कर्म किया।

अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कराए गए परीक्षण में दोनों पीड़िताओं के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मामले में अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 4 नाबालिग शामिल हैं।

इस मामले में पहले सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की रिपोर्ट में विरोधाभास सामने आया था, जिसे गंभीरता से लेते हुए सीएमएचओ ने संबंधित डॉक्टर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) अब पीड़िताओं के बयान दर्ज करेगी, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।