Thursday, March 12, 2026

चचिया धान खरीदी केंद्र में हाथी की एंट्री, कर्मचारियों में मची अफरा-तफरी

कोरबा। कोरबा जिले के चचिया धान खरीदी केंद्र में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब अचानक एक हाथी केंद्र परिसर में पहुंच गया। हाथी के आने की खबर मिलते ही धान खरीदी केंद्र में मौजूद कर्मचारी दहशत में आ गए।

कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए हाथी को खदेड़कर धान को बचाने का प्रयास किया। कर्मचारियों के अनुसार, हाथी कुछ समय तक केंद्र के आसपास घूमता रहा, जिससे किसी बड़ी घटना की आशंका बनी हुई थी। हाथी के आक्रामक हो जाने की स्थिति में जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता था।

हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब इस धान खरीदी केंद्र में हाथी पहुंचा हो। इससे पहले भी कई बार हाथी यहां आकर केंद्र में घुस जाते हैं और धान खाकर वापस जंगल की ओर लौट जाते हैं।

हाथियों की लगातार आवाजाही के कारण कर्मचारियों और किसानों में भय का माहौल बना रहता है। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से धान खरीदी केंद्र की सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।