जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा थाना क्षेत्र में धारदार चाकू लहराकर लोगों को भयाक्रांत करने वाले एक युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई दिनांक 01 फरवरी 2026 को की गई। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान अमन नायक उर्फ बांगड़ (उम्र 21 वर्ष) निवासी जवाहर पारा, चांपा के रूप में हुई है। आरोपी द्वारा क्षेत्र में खुलेआम धारदार चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने की सूचना मिलने पर थाना चांपा पुलिस ने तत्काल रेड कार्रवाई की।
रेड के दौरान पुलिस ने आरोपी को मौके से पकड़ लिया। उसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक उमेंद्र मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक बलवंत धृतहरे, आरक्षक गौरीशंकर राय, आकाश कलोशिया सहित थाना चांपा स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में लोगों ने राहत की सांस ली है और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की सक्रियता की सराहना की जा रही है।









