चौथिया कार्यक्रम में खूनी विवाद: बैंड वालों ने दौड़ा-दौड़ाकर युवक की हत्या, 7 आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। जिले में शनिवार रात शादी के चौथिया कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बैंड वालों ने दुल्हन के भाई पर हमला कर उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और चाकू से वार कर हत्या कर दी। घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 2 नाबालिग भी शामिल हैं।

मामला मगरलोड थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान चंदन निषाद के रूप में हुई है, जो **गरियाबंद जिले के मालगांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान डांस करते समय चंदन और उसके दोस्तों की बैंड वालों से धक्का-मुक्की हो गई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, चाकू से हमला

विवाद बढ़ने पर बैंड से जुड़े युवकों ने चंदन और उसके साथियों पर हमला कर दिया। चंदन को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया और उस पर चाकू से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके चार अन्य साथी भी मारपीट में घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।

घटना के समय मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे, लेकिन अचानक हुए हमले से अफरा-तफरी मच गई।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घायल चंदन को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक ग्राम भोथीडीह निवासी पंचूराम निषाद के घर शादी समारोह चल रहा था। 20 फरवरी को बारात मालगांव गई थी। 21 फरवरी की शाम चौथिया कार्यक्रम में स्वागत के दौरान बाजार चौक के पास नाच-गाना चल रहा था। इसी दौरान धक्का लगने की बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट और चाकूबाजी में बदल गया।

पुलिस कार्रवाई जारी

पुलिस ने मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें 2 नाबालिग भी शामिल हैं। अन्य पहलुओं की जांच जारी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।