देश में कोरोना के मामले फिर से बढ़ने लगे हैं। देश में लगातार 7वें दिन कोरोना के 2 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। बीते 24 घंटों में देश में कोरोना के 2,483 नए मामले मिले। इस बीच कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री के सुधाकर ने कहा कि जून के अंत में कोरोना की चौथी लहर पीक पर हो सकती है।
उन्होंने IIT कानपुर की स्टडी का हवाला देते हुए कहा कि इसका प्रभाव अक्टूबर तक रहेगा। इसे देखते हुए कर्नाटक सरकार ने राज्य में फेस मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग को अनिवार्य कर दिया है।
पीएम मोदी बुधवार को सभी मुख्यमंत्रियों से करेंगे बात
देश में कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार दोपहर 12 बजे सभी मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मीटिंग करेंगे। बता दें कि देश में पिछले एक हफ्ते से लगातार दो हजार से ज्यादा नए मरीज सामने आ रहे हैं। सबसे ज्यादा चिंता राजधानी दिल्ली को लेकर है, जहां रोज 1 हजार से ज्यादा केस मिल रहे हैं।








