छत्तीसगढ़ी कलाकार स्वप्निल जायसवाल पर हमला, कान-पैर में लगी गंभीर चोट

अंबिकापुर, छत्तीसगढ़। शहर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। युवाओं में लोकप्रिय छत्तीसगढ़ी कलाकार स्वप्निल जायसवाल के साथ बीती रात अचानक मारपीट की घटना हुई। स्वप्निल ने इस घटना का वीडियो अपने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया है, जिसमें उनके कान और पैर पर गंभीर चोटें साफ दिखाई दे रही हैं।

स्वप्निल ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उनसे पैसे की मांग करने के बाद उन पर हमला किया। उन्होंने विशेष रूप से संजय सिंह और अंकित ताम्रकार को इस मारपीट का जिम्मेदार बताया। स्वप्निल ने कहा कि वह उस समय अपने दोस्तों के साथ कार में थे, जैसे ही कार से बाहर निकले, तभी हमला हुआ।

इस घटना के बाद स्वप्निल ने कहा कि कानून व्यवस्था पर सवाल उठता है। एक आम नागरिक पर इस तरह का हमला असुरक्षा का अहसास कराता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर वह अकेले होते, तो परिणाम और भी गंभीर हो सकते थे।

स्वप्निल के फैंस लगातार सोशल मीडिया पर कमेंट कर उनकी शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं। पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर उनसे पूछताछ की जा रही है।