रायपुर.दीपक बैज और टीएस सिंहदेव के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर चल रही बयानबाजी के बीच रविवार को कोरबा में अलग ही तस्वीर देखने को मिली। राज्य स्तरीय महासम्मेलन में दोनों नेताओं ने मुलाकात की, बातचीत की और मंच पर हंसी-मजाक करते नजर आए। इस दौरान दीपक बैज ने सिंहदेव के पैर छूकर उनका आशीर्वाद भी लिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, हाल ही में टीएस सिंहदेव ने एक इंटरव्यू में कहा था कि यदि पार्टी हाईकमान उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देता है, तो वे इसे निभाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा था कि वे छत्तीसगढ़ में रहकर संगठन के लिए काम करना चाहते हैं और पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, उसे स्वीकार करेंगे।
सिंहदेव के इस बयान पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि “बाबा साहब बड़े नेता हैं, उन्हें दिल्ली में जाकर काम करना चाहिए। प्रदेश में युवाओं को मौका मिलना चाहिए।”
भूपेश बघेल ने कहा- फैसला हाईकमान करेगा
प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रही चर्चाओं पर भूपेश बघेल ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह पार्टी हाईकमान का विषय है और अंतिम फैसला वही करेगा।
“मैं अभी भी सक्रिय हूं” – टीएस सिंहदेव
टीएस सिंहदेव ने अपने बयान में यह भी कहा था कि वे लगातार प्रदेशभर में लोगों से मुलाकात कर रहे हैं और संगठन को मजबूत करने में लगे हुए हैं। उन्होंने इशारों में कहा कि बड़े नेताओं की भूमिका का आकलन करते समय यह भी देखा जाना चाहिए कि कौन चुनाव जीता और कौन हारा।
उन्होंने साफ कहा कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ़ में सक्रिय रहकर काम करना चाहते हैं।
महासम्मेलन में दिखी एकजुटता
कोरबा में आयोजित महासम्मेलन के दौरान कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में बैज और सिंहदेव के बीच आत्मीयता देखने को मिली। राजनीतिक बयानबाजी के बीच दोनों नेताओं की यह मुलाकात कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा का विषय बनी रही।









