रायपुर/आरंग। छत्तीसगढ़ के आरंग क्षेत्र में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा रविवार को सड़क पर फूट पड़ा। करीब 25 दिनों से घरेलू गैस नहीं मिलने से नाराज लोगों ने आरंग-खरोरा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र की एकमात्र गिरिजा इंडेन गैस एजेंसी में सिलेंडर आने की सूचना पर सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग लाइन में लगे हुए थे। कड़ी धूप में घंटों इंतजार करने के बाद जब लोगों को बताया गया कि आज भी गैस सिलेंडर नहीं आएगा, तो उनका आक्रोश भड़क उठा।
25 दिनों से गैस का इंतजार
ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले लगभग 25 दिनों से गैस सिलेंडर के लिए भटक रहे हैं। एजेंसी द्वारा 12 अप्रैल को सिलेंडर मिलने की जानकारी दी गई थी, लेकिन समय पर सप्लाई नहीं होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क पर उतरे लोग, थम गया यातायात
गुस्साए लोगों ने एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। अचानक हुए जाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
प्रशासन और पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लोगों को समझाइश देकर काफी देर बाद स्थिति को नियंत्रित किया और जाम खुलवाया।
20 हजार उपभोक्ता, सप्लाई व्यवस्था पर सवाल
बताया जा रहा है कि आरंग क्षेत्र में इस गैस एजेंसी से करीब 20 हजार घरेलू उपभोक्ता जुड़े हुए हैं। इससे पहले 1 अप्रैल को नगर पालिका अध्यक्ष और पार्षदों की मौजूदगी में एजेंसी संचालक हिमांशु सिंह ठाकुर के साथ बैठक भी हुई थी, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका।









