रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने कक्षा 12वीं की हिन्दी विषय की परीक्षा को रद्द कर दिया है। मंडल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 14 मार्च 2026 को आयोजित हिन्दी परीक्षा अब अमान्य मानी जाएगी। यह परीक्षा अब दोबारा 10 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। यानी विद्यार्थियों को यह परीक्षा फिर से देनी होगी।
पेपर लीक के आरोप के बाद लिया गया फैसला
दरअसल, 15 और 16 मार्च को सोशल मीडिया और कुछ समाचार पत्रों में हिन्दी विषय के सेट ‘बी’ का प्रश्नपत्र लीक होने के दावे सामने आए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच के लिए साइबर थाने में लिखित शिकायत दी गई। साथ ही सिटी कोतवाली थाने में FIR भी दर्ज कराई गई।
जांच के बाद परीक्षा निरस्त
इस पूरे मामले को लेकर 23 मार्च 2026 को मंडल की परीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर समिति ने हिन्दी परीक्षा को निरस्त करने का निर्णय लिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था पेपर
सूत्रों के अनुसार, हिन्दी का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले ही कुछ छात्रों के बीच अलग-अलग ग्रुप्स में वायरल हो गया था। इस मामले में मीडिया ने भी कई छात्रों तक पहुंचकर पेपर लीक की पुष्टि की थी। अब मंडल ने भी यह स्वीकार कर लिया है कि प्रश्नपत्र लीक हुआ था, जिसके चलते यह बड़ा फैसला लिया गया।







