Thursday, November 5, 2026

छत्तीसगढ़ में अंधविश्वास के नाम पर 24.35 लाख की ठगी, बाबा बनकर महिला को दिखाया पति की मौत का डर; मंडला बुलाकर ऐंठे रुपए

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा थाना क्षेत्र में अंधविश्वास और मौत का डर दिखाकर एक परिवार से 24 लाख 35 हजार 400 रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को बाबा नंदी महाराज उर्फ मनीष महाराज बताकर परिवार पर बुरी आत्मा का साया होने और महिला के पति की जल्द मौत होने का डर दिखाया। इसके बाद पूजा-पाठ के नाम पर लाखों रुपए ऐंठ लिए। ठगी का अहसास होने पर महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

पति की मौत का डर दिखाकर जीता भरोसा

पेंड्रा क्षेत्र के छटनटिकरा करगीखुर्द निवासी मायावती कंवर के अनुसार, जून 2026 में आरोपी उनके गांव पहुंचा था। उसने परिवार को बताया कि उन पर बुरी आत्मा का साया है और उनके पति बृजपाल सिंह कंवर की जान को खतरा है। पूजा-पाठ के जरिए संकट दूर करने का भरोसा देकर आरोपी ने शुरुआत में 1600 रुपए लिए। इसके बाद अलग-अलग लोगों के माध्यम से कुल 33,800 रुपए ऑनलाइन मंगवाए।

मंडला बुलाकर 24 लाख रुपए नकद ऐंठे

आरोपी ने 31 अक्टूबर 2026 को विशेष पूजा कराने के नाम पर महिला को मध्य प्रदेश के मंडला जिले के किंदारी गांव बुलाया। पति की जान बचाने के डर से महिला ने रिश्तेदारों और परिचितों से लाखों रुपए उधार जुटाए। शिकायत के मुताबिक, उसने 24 लाख रुपए नकद आरोपी को सौंप दिए। ऑनलाइन और शुरुआती रकम मिलाकर ठगी की कुल राशि 24,35,400 रुपए बताई गई है।

पेंड्रा पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का केस

बाद में महिला को ठगी का अहसास हुआ तो उसने पेंड्रा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की भूमिका और रकम के लेन-देन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

अंधविश्वास और परिवार की सुरक्षा के नाम पर की गई इस कथित ठगी ने एक बार फिर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत की ओर ध्यान दिलाया है।