Sunday, September 20, 2026

छत्तीसगढ़ में अलग-अलग सड़क हादसों में 4 की मौत, DRG जवान और हेड कॉन्स्टेबल समेत कई लोग हादसे का शिकार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में हुए सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक DRG जवान, एक हेड कॉन्स्टेबल, एक तहसीलदार का बेटा और एक अन्य युवक शामिल है। इन घटनाओं के बाद प्रदेश में शोक का माहौल है।

जगदलपुर में DRG जवान की मौत

जगदलपुर में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से DRG जवान भरत भारती (24) की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वाहन की टक्कर लगने से वह सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरे, जिससे उनकी मौके पर ही जान चली गई। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।

दुर्ग में ड्यूटी पर लौट रहे हेड कॉन्स्टेबल की मौत

दुर्ग जिले में महिला थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक त्रिलोक सिंह (61) की भी दर्दनाक मौत हो गई। वे हाल ही में 15 दिन की छुट्टी के बाद ड्यूटी जॉइन करने लौट रहे थे। 10 फरवरी की सुबह अपनी बेटी के साथ बस से दुर्ग पहुंचे थे। बस से उतरते समय उनका पैर फिसल गया और वे जमीन पर गिर पड़े। गिरने से उनके सिर और आंख के ऊपर गंभीर चोट आई। परिजन और आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक तौर पर गिरने से लगी चोट को मौत का कारण माना जा रहा है, हालांकि डॉक्टरों ने दिल का दौरा पड़ने की संभावना से भी इनकार नहीं किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

बिलासपुर में तहसीलदार के बेटे की जान गई

बिलासपुर में जिला कोर्ट के सामने हुए सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक एक तहसीलदार का बेटा बताया जा रहा है। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया।

जांजगीर-चांपा में बाइक सवार युवक की मौत

जांजगीर-चांपा जिले में तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।