Sunday, June 28, 2026

छत्तीसगढ़ में खुलेंगे 3 नए सरकारी मेडिकल कॉलेज, 1077 करोड़ की स्वीकृति

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर छत्तीसगढ़ में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य सरकार ने तीन नए शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों की स्थापना के लिए 1077 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस कदम से राज्य में न केवल चिकित्सा शिक्षा को मजबूती मिलेगी बल्कि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार—

  • जांजगीर-चांपा मेडिकल कॉलेज के लिए 357.25 करोड़ रुपये,

  • कबीरधाम मेडिकल कॉलेज के लिए 357.25 करोड़ रुपये,

  • मनेंद्रगढ़ मेडिकल कॉलेज के लिए 362.57 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इन नए मेडिकल कॉलेजों के निर्माण से प्रदेश के युवाओं को डॉक्टर बनने का अधिक अवसर मिलेगा और ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर भी बेहतर होगा।