जांजगीर-चांपा/सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा और सूरजपुर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हुए भीषण सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों ही घटनाओं में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
तीन ट्रेलरों की टक्कर, चालक की जिंदा जलकर मौत
जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा-बलौदा मुख्य मार्ग पर कोटगढ़ के पास शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे तीन ट्रेलरों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि एक ट्रेलर में आग लग गई और चालक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
हादसे में एक अन्य ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही अकलतरा पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। मृत चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे का कारण माना जा रहा है। दुर्घटना के चलते कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।
🛻 पिकअप ने बाइक सवारों को रौंदा, एक की मौत
वहीं, सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सुतिया नाला के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने दो बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसके अलावा दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। गंभीर घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
घटना से आक्रोशित लोगों ने पिकअप चालक की मौके पर पिटाई कर दी, जिसके बाद वह भीड़ को चकमा देकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन पहले जप्त अवैध धान लेकर लौट रहा था। पुलिस ने वाहन जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।









