रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकायों और त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम एवं उपचुनाव के लिए सोमवार को मतदान शुरू हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग की निगरानी में प्रदेशभर में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान प्रक्रिया जारी है। चुनाव को लेकर सभी जिलों में सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार प्रदेश में कुल 1,310 रिक्त पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है। इनमें नगर पालिका परिषद अध्यक्ष के 5 पद, पार्षद के 77 पद, जनपद पंचायत सदस्य के 10 पद, सरपंच के 82 पद तथा पंच के 1,136 पद शामिल हैं। नगरीय निकाय चुनाव में 31,928 मतदाता जबकि पंचायत चुनाव में 1,02,797 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
नगरीय निकाय क्षेत्रों में मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा, जबकि पंचायत चुनाव के लिए मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। सभी चुनावों की मतगणना 4 जून को होगी और उसी दिन परिणाम भी घोषित किए जाएंगे।
सहसपुर लोहारा में अध्यक्ष पद के लिए कड़ा मुकाबला
कबीरधाम जिले की नगर पंचायत सहसपुर लोहारा में अध्यक्ष पद के उपचुनाव को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय संतोष मिश्रा के निधन के बाद यह सीट रिक्त हुई थी। इस चुनाव में भाजपा ने सरिता संतोष मिश्रा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने रोशन वैष्णव को मैदान में उतारा है। वहीं कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे अजय यादव मुकाबले को रोचक बना रहे हैं।
नगर पंचायत के 15 वार्डों में 15 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां कुल 5,142 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 2,651 पुरुष और 2,491 महिला मतदाता शामिल हैं।
शिवनंदनपुर में भी मतदान जारी
सूरजपुर जिले की नगर पंचायत शिवनंदनपुर में आम निर्वाचन के तहत मतदान हो रहा है। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा और कांग्रेस समेत तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं 15 वार्डों में पार्षद पद के लिए 52 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। यहां कुल 4,642 मतदाता हैं, जिनमें 2,335 पुरुष और 2,307 महिला मतदाता शामिल हैं।
बिलासपुर के वार्ड 29 में पार्षद उपचुनाव
बिलासपुर शहर के तारबाहर क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 29 संजयनगर में पार्षद उपचुनाव के लिए भी मतदान जारी है। यहां 8 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 5,255 मतदाता मतदान कर नए पार्षद का चुनाव करेंगे।
पार्षद पद के लिए भाजपा के मधुसूदन राव, कांग्रेस के मोहम्मद आजम खान और आम आदमी पार्टी के शाहिल खान के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है।






