छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे में बिजली गिरने से 10 लोगों की मौत हुई है। बिलासपुर में बिजली की चपेट में आने से दो अलग-अलग जगहों पर एक गर्भवती और मछुआरे की मौत हो गई। इससे पहले सोमवार को राजनांदगांव में 6 स्कूली बच्चों सहित 8 लोगों की जान गई थी। सभी बारिश से बचने खंडहर में छिपे थे।
छत्तीसगढ़ में आज 9 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। गरियाबंद, धमतरी, बालोद, बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, कांकेर, बीजापुर, नारायणपुर में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। आज (मंगलवार) और 25 सितंबर (बुधवार) और 26 सितंबर को प्रदेश के कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

सीपत क्षेत्र के हिंडाडीह में 26 वर्षीय गर्भवती फुल कुमारी पावले बिजली की चपेट में आ गई। वो कुछ दिन पहले ही मायके हिंडाडीह आई थीं। सोमवार की शाम घर के बरामदे में बैठकर सब्जी काट रही थीं। इसी दौरान तेज गर्जन के साथ उस पर बिजली गिर गई।
गंभीर रूप से घायल महिला को लेकर परिजन सिम्स पहुंचे, लेकिन तब तक उसने दम तोड़ दिया था। दूसरी घटना फरहदा खार के खारंग नदी के पास हुई, जब मछली पकड़ने गए एक एक बुजुर्ग (60) की बिजली गिरने से मौत हो गई।
पुलिस बुजुर्ग की जानकारी जुटा रही है। अब तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है।
रायपुर में सुबह से बादल छाए हुए है। गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। आज अधिकतम और न्यूनतम तापमान 34°C और 25°C के आसपास रहने की संभावना है।
प्रदेश में अब तक 1168.7 मिली मीटर बारिश हो चुकी है, जो औसत से 5 फीसदी अधिक है। बीजापुर और बलरामपुर में अति भारी बारिश हुई है। बलौदाबाजार और सुकमा में औसत से अधिक पानी बरसा है।
5 जिलों में औसत से कम और बाकी जिलों में सामान्य वर्षा हुई है।







