Tuesday, November 10, 2026

छत्तीसगढ़ में भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक को किया आग के हवाले

मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग पर कठौतिया के पास तेज रफ्तार ट्रक और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने ट्रक को आग के हवाले कर दिया।

ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत

जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग पर कठौतिया के पास हुआ। बाइक सवार दोनों युवक मनेंद्रगढ़ के वार्ड क्रमांक 16 के निवासी बताए जा रहे हैं। दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी उनकी ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद ट्रक छोड़कर फरार हुआ चालक

घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे में दो युवकों की मौत से स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने ट्रक में आग लगा दी, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति निर्मित हो गई।

पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने ट्रक में आग लगाने के मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।