रायपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के तहत छत्तीसगढ़ में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अपने दायित्वों को पूरी गंभीरता से निभा रहे हैं। राज्यभर में अब तक 95 लाख से अधिक गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन हो चुका है, जो कुल मतदाताओं का लगभग 45% है।
बीजापुर के पल्लेवाया और गुट्टामंगी क्षेत्र में तैनात BLO पायकुराम कश्यप और रामसाय यादव इंद्रावती नदी पार कर अबूझमाड़ के नक्सल प्रभावित एवं दुर्गम इलाकों तक पहुंचे। उन्होंने वहां गणना प्रपत्रों का वितरण और संकलन कर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पूरी की।
सरगुजा, रायगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, बस्तर, जांजगीर-चांपा, जशपुर, कबीरधाम, धमतरी, सुकमा, कोंडागांव, मुंगेली और सक्ती जिले के 85 मतदान केंद्रों में 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का काम पूरा कर लिया गया है। प्रशासन ने BLO के इस समर्पण को पुनरीक्षण कार्य की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।







