Wednesday, July 15, 2026

छत्तीसगढ़ विधानसभा मानसून सत्र: प्रश्नकाल में जल जीवन मिशन पर सरकार से सवाल, आज अविश्वास प्रस्ताव की अनुमति मांगेगी कांग्रेस

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही मंगलवार को शुरू हो गई। सदन में प्रश्नकाल के दौरान सत्ता पक्ष के विधायक भैयालाल राजवाड़े ने जल जीवन मिशन के कार्यों की गुणवत्ता और भौतिक सत्यापन को लेकर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव से सवाल किए।

आज की कार्यवाही राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। कांग्रेस सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करने की अनुमति मांग सकती है, जिससे सदन में तीखी बहस होने के आसार हैं।

वहीं, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत प्रदेश की पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण का मुद्दा और जांजगीर-चांपा जिले में परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि के वितरण में कथित अनियमितताओं का मामला भी सदन में उठेगा।

इसके अलावा विधायक सुशांत शुक्ला, भावना बोहरा और रोहित साहू विभिन्न जनहित से जुड़ी याचिकाएं सदन के पटल पर प्रस्तुत करेंगे। मानसून सत्र के दूसरे दिन कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार और विपक्ष के बीच जोरदार चर्चा होने की संभावना है।