रायपुर। रायपुर में चल रहे छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के 9वें दिन सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे प्रश्नकाल से शुरू हुई। इस दौरान विभिन्न विभागों के कामकाज और बजट को लेकर चर्चा हुई।
प्रश्नकाल के दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में हुई अटैचमेंट नियुक्तियों को रद्द किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कई कर्मचारी ग्रामीण अस्पतालों से अटैच होकर शहरों में काम कर रहे हैं, जिससे गांवों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। इसे देखते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है।
इस दौरान भाजपा विधायक लता उसेंडी ने स्वास्थ्य विभाग में काम होने के बावजूद भुगतान नहीं होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कई मामलों में काम पूरा होने के बाद भी ठेकेदारों को भुगतान नहीं किया गया और अधिकारियों द्वारा अलग-अलग तरीके से भुगतान को लेकर निर्णय लिया जाता है।
इस मुद्दे पर विपक्ष ने भी सरकार को घेरते हुए स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और जवाब की मांग की।








