
छत्तीसगढ़ से लगे ओडिशा बार्डर पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच शुक्रवार को मुठभेड़ हुई। इस दौरान एक नक्सली के मारे जाने की खबर है। सर्चिंग पर निकले CRPF जवानों पर नक्सलियों ने बीच जंगल में घेराबंदी कर हमला किया। जवानों ने जवाब में जबरदस्त गोलीबारी की। इसकी सूचना मिलने पर ओडिशा, छत्तीसगढ़ से और फोर्स भेजी गई। अभी करीब 700 जवानों ने 20 किलोमीटर का एरिया घेर लिया है और रुक-रुककर फायरिंग चल रही है। एक नक्सली के मारे जाने और कई के घायल होने की सूचना मिल रही है।
जानकारी के मुताबिक, ओडिशा के बोडेन से CRPF जवान शुक्रवार सुबह सर्चिंग पर निकले थे। इस दौरान सुबह करीब 11 बजे नुवापाड़ा-गरियाबंद जिले से लगे मटाल और डड़ईपानी के जंगलों में घात लगाए बैठे नक्सलियों ने हमला कर दिया। इस पर जवानों की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि वहां बड़ी संख्या में नक्सली मौजूद हैं। इसके बाद छत्तीसगढ़ से भी बैकअप फोर्स को रवाना किया गया। दोपहर बाद हमले की जगह ओडिशा सशस्त्र बल, CRPF और छत्तीसगढ़ से CRPF के जवानों की 3 कंपनियां पहुंची। DIG संजय कुमार सिंह 65 बटालियन के कमांडर वीके सिंह दोनों मौके पर मौजूद हैं। CRPF DIG संजय कुमार सिंह ने बताया स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप, डिस्ट्रिक्ट वांलेंट्री फोर्स और CRPF 216 बटालियन के जवानों ने पूरा एरिया घेर लिया है। धीरे-धीरे नक्सलियों के मौजूदगी वाली पहाड़ी पर चढ़ाई की जा रही है। दूसरी ओर से छत्तीसगढ़ से आई फोर्स के जवान हैं। नक्सलियों को बीच में घेर लिया गया है। अभी रुक-रुक कर फायरिंग हो रही है, लेकिन नक्सली पीछे हट रहे हैं।
मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए SSP चंद्रेश ठाकुर ने बताया कि मुठभेड़ अभी चल रही है। ओडिशा से CRPF को सूचना भेजी गई थी। स्थिति को देखते हुए गरियाबंद CRPF को भी अलर्ट कर दिया गया है। जवानों की एक टुकड़ी कुल्हाड़ीघाट कैंप से बार्डर की ओर भी निकल गई है। इस दौरान एक नक्सली के भी मारे जाने की खबर आ रही है। हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। फिलहाल बार्डर इलाके में अलर्ट कर गश्त बढ़ा दी गई है।
21 जून को हुए हमले में 3 जवान हो गए थे शहीद
इससे पहले मैनपुर डिवीजन कमेटी माओवादी संगठन ने पाटदहरा कैंप से लगे इलाके में 21 जून को CRPF जवानों पर हमला कर दिया था। इस हमले में 3 जवान शहीद हो गए थे। इसके बाद से ही नुवापड़ा जिले में पुलिस और CRPF जवान एक्शन में हैं। इलाके में लगातार सर्चिग जारी है। बताया जा रहा है कि ओडिशा की ओर से पड़ रहे दबाव के बाद नक्सलियों की कुछ टुकड़ी छतीसगढ़ सीमा की ओर मूव कर चुकी है।







