छात्राओं से कराई गई पुताई और सफाई! रायगढ़ के कन्या छात्रावास का VIDEO वायरल, जांच के आदेश

रायगढ़ जिले के प्री मैट्रिक कन्या छात्रावास में रंगाई-पोताई करते हुए छात्राएं। - Dainik Bhaskarरायगढ़। जिले के एक आदिवासी कन्या छात्रावास से हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां छात्राओं से हॉस्टल की रंगाई-पुताई और सफाई कराए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में छात्राएं कमरे की पुताई करती और छज्जों की सफाई कर गंदगी निकालती नजर आ रही हैं।

वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है और पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

कोड़सिया छात्रावास का मामला

यह मामला लैलूंगा ब्लॉक के कोड़सिया स्थित प्री‑मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास कोड़सिया का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में छात्राओं से पेंटिंग और सफाई जैसे काम कराए जाते दिखाई दे रहे हैं, जिससे छात्रावास प्रबंधन पर सवाल खड़े हो गए हैं।

वार्डन का बयान

मामले पर छात्रावास वार्डन ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी गैरमौजूदगी में प्यून ने बच्चों से यह काम कराया। हालांकि प्रशासन ने इस स्पष्टीकरण को पर्याप्त नहीं माना और जांच के निर्देश जारी कर दिए।

3 सदस्यीय जांच समिति गठित

जिला प्रशासन ने मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए 3 सदस्यीय जांच समिति बनाई है। समिति में

  • धर्मेन्द्र सिंह बैस

  • धनेश्वरी सिदार

  • उमेश पटेल
    को शामिल किया गया है।

समिति 28 फरवरी 2026 को छात्रावास पहुंचकर मौके पर जांच करेगी और अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी।