
नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। “बचपन का प्यार” वाले सहदेव व चुटकियों से “राष्ट्रगान” की धुन बजाने वाले अभिषेक के बाद अब एक और बच्चे की प्रतिभा सामने आई है। कोंडागांव जिले के नक्सल प्रभावित करारमेटा गांव के एक 13 साल के बच्चे ने कबाड़ से जुगाड़ कर एक ड्रोन कैमरा बनाया है। यह ड्रोन लगभग 100 मीटर ऊपर उड़ सकता है। ड्रोन को बनाने में केवल 50 से 100 रुपए का खर्च व 1 सप्ताह का ही समय लगा है।
करारमेटा गांव के रहने वाले दीपेश मरकाम (13) ने बताया कि वह शा.माध्यमिक शाला में कक्षा 8वीं में पढ़ाई करता है। बचपन मे उसके पिता जब भी उसके खिलौना लाते उसे वो तोड़ फोड़ कर दूसरा नया खिलौना बना देता था। एक दिन घर के बाहर बैठा था, जहां आसमान में एक एरोप्लेन को उड़ता हुआ इसने देखा। एरोप्लेन बनाने मन में ख्याल भी आया लेकिन उसके लिए सामान नहीं मिला। फिर दीपेश ने ड्रोन कैमरा बनाने का प्लान किया। महज 1 सप्ताह पहले ही कबाड़ से जुगाड़ कर ड्रोन बना दिया।











