जांजगीर. छत्तीसगढ़ के Janjgir-चांपा जिले के ग्राम भवंतरा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बीती रात चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा और दहशत का माहौल है।
मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप, पीताम्बर कश्यप, शांति बाई और कुमारी मोगरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चारों लोग नए मकान के निर्माण कार्य से जुड़े हुए थे और निर्माणाधीन घर में ही रुके हुए थे।
जानकारी के मुताबिक, सुबह जब मिस्त्री काम पर पहुंचे तो उन्होंने चारों को खाट पर पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर सभी अचेत अवस्था में मिले। यह दृश्य देखकर मिस्त्री घबरा गया और तत्काल गांव के सरपंच राजाराम कश्यप को इसकी सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही Chhattisgarh Police मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और भय का माहौल बना हुआ है।







