
जांजगीर में सगी बहनों की हत्या कर दी गई। दोनों के शव शुक्रवार सुबह खेत में मिले हैं। वे एक दिन पहले खेत में काम करने के लिए गई थीं, इसके बाद से उनका पता नहीं था। आशंका जताई जा रही है कि मायके में चल रहे संपत्ति विवाद के चलते दोनों को मारा गया है। फिलहाल पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। मामला नवागढ़ थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, तेंदुआ गांव निवासी संतोषी बाई कश्यप (45) और आपी बाई (40) सगी बहने थीं। दोनों रोज की तरह गुरुवार को भी के सेमरा गांव के दादर स्थित खेत में काम करने के लिए गई थीं। इसके बाद नहीं लौटीं। इसके बाद से ही परिजन दोनों की तलाश कर रहे थे। अगले दिन सुबह जब वे खेत में देखने गए तो वहां दोनों बहनों के थोड़ी दूरी पर शव पड़े हुए थे। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।












