बिलासपुर, छत्तीसगढ़। जिले की सेंट्रल जेल से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें मस्तूरी गोलीकांड के आरोपी जेल के अंदर रहते हुए सोशल मीडिया पर ‘रीलबाजी’ करते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में आरोपी विश्वजीत अनंत और उसके साथी फिल्मी गाने “सीधा ठोक दू शहर में जो दादा बनता” पर एक-एक कर दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो मुलाकाती कक्ष में बनाया गया, जहां आरोपियों से मिलने पहुंचे रिश्तेदारों और दोस्तों ने चोरी-छिपे मोबाइल अंदर ले जाकर शूटिंग की और बाद में इसे इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। जबकि जेल के भीतर मोबाइल ले जाना सख्त मना है।
क्या है पूरा मामला
मस्तूरी क्षेत्र में पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई को लेकर कांग्रेस नेता और जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह, उनके चाचा तामेश सिंह और तुकेश सिंह पर फायरिंग की गई थी। जवाबी कार्रवाई में नीतेश सिंह ने लाइसेंसी बंदूक से गोली चलाई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
इस मामले में पुलिस ने युवा कांग्रेस नेता विश्वजीत अनंत, कांग्रेस नेता अकबर खान और उसके भाई समेत कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें से 10 आरोपी जेल में बंद हैं, जबकि एक नाबालिग को बाल संरक्षण गृह में रखा गया है। एक आरोपी की जमानत हाईकोर्ट द्वारा पहले ही खारिज की जा चुकी है।
इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ वीडियो
जेल के अंदर शूट किया गया यह वीडियो इंस्टाग्राम आईडी _devebh_don99X से अपलोड किया गया। हालांकि वीडियो कब बनाया गया और कब पोस्ट हुआ, यह अभी स्पष्ट नहीं है। बताया जा रहा है कि इसी आईडी से पहले भी गैंग से जुड़े वीडियो पोस्ट किए गए थे, जिन्हें बाद में हटा दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस घटना के बाद सेंट्रल जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जेल प्रशासन द्वारा मुलाकातियों की जांच के बावजूद मोबाइल अंदर पहुंचना बड़ी चूक मानी जा रही है।









