Saturday, November 28, 2026

जैन दंपती ने चढ़ाया 121 किलो सोना, ₹208 करोड़ के जेवरों का रिकॉर्ड दान; कंपनी की हिस्सेदारी बेचकर मिले थे ₹6000 करोड़

तिरुपति। आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुमला तिरुपति मंदिर में एक भक्त ने ऐसा महादान किया है, जिसकी देशभर में चर्चा हो रही है। चेन्नई के कारोबारी वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने भगवान वेंकटेश्वर और देवी पद्मावती को 121 किलो सोने के आभूषण दान किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 208 करोड़ रुपये बताई जा रही है। तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के अनुसार, किसी एक भक्त की ओर से भगवान वेंकटेश्वर को दिया गया यह अब तक का सबसे बड़ा आभूषण दान है।

यह भव्य दान गुरुवार को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में मंदिर प्रशासन को सौंपा गया। दान में सोने के आभूषणों के साथ 238.2 कैरेट के हीरे भी शामिल हैं। इन आभूषणों को भगवान वेंकटेश्वर को सिर से पैर तक सजाने के लिए विशेष रूप से तैयार कराया गया है।

9 सेट में 45 आभूषण, 8 बक्सों में लाए गए जेवर

जैन दंपती की ओर से दान किए गए आभूषणों में कुल 9 सेट के 45 जेवर शामिल हैं। इन्हें तैयार करने में करीब 15 महीने का समय लगा। सभी आभूषणों को 8 बक्सों में भरकर मंदिर लाया गया था।

इनमें भगवान वेंकटेश्वर के लिए विशेष मुकुट, पैरों के आभूषण, सोने की चेन, रत्नजड़ित जेवर और सोने से बने अन्य आकर्षक आभूषण शामिल हैं। दान किए गए आभूषणों में हीरे और कीमती रत्नों का भी इस्तेमाल किया गया है।

भगवान वेंकटेश्वर को 106 किलो, देवी पद्मावती को 15 किलो सोना

दान किए गए कुल 121 किलो सोने में से 106 किलो के आभूषण भगवान श्री वेंकटेश्वर के लिए तैयार कराए गए हैं। वहीं, शेष 15 किलो वजन के सोने के आभूषण और पोशाक देवी श्री पद्मावती अम्मावरु को भेंट किए गए हैं।

मंदिर प्रशासन के अनुसार, इन आभूषणों को भगवान और देवी के श्रृंगार के लिए विशेष रूप से बनवाया गया है।

कंपनी की 60% हिस्सेदारी बेचकर मिले थे 6000 करोड़ रुपये

इस महादान के पीछे कारोबारी वर्धमान जैन की बड़ी व्यावसायिक सफलता भी चर्चा में है। वर्धमान जैन चेन्नई की कंपनी ‘वारा फ्यूचर एलएलपी’ के चेयरमैन हैं। जानकारी के मुताबिक, उन्होंने कंपनी में अपनी 60 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचकर करीब 6000 करोड़ रुपये हासिल किए थे।

बताया गया है कि इसी रकम में से उन्होंने भगवान श्री वेंकटेश्वर के लिए 121 किलो सोने के आभूषण तैयार करवाए और मंदिर में दान किए। इस दान को लेकर धार्मिक और कारोबारी जगत में काफी चर्चा हो रही है।

2019 से तिरुपति मंदिर में दान कर रहे हैं वर्धमान जैन

वर्धमान जैन वर्ष 2019 से तिरुपति मंदिर में दान करते आ रहे हैं। हालांकि, इस बार दिया गया 121 किलो सोने और हीरे का चढ़ावा अब तक के सबसे बड़े दानों में शामिल हो गया है। TTD के मुताबिक, भगवान वेंकटेश्वर को किसी एक भक्त की ओर से दिया गया यह सबसे बड़ा आभूषण दान है।

इस भव्य चढ़ावे के बाद एक बार फिर तिरुमला तिरुपति मंदिर अपनी धार्मिक आस्था और श्रद्धालुओं की उदार भेंट को लेकर सुर्खियों में है।