
झारखंड में सुबह से लेकर शाम तक सियासी उठापटक चलती रही। सीएम हेमंत सोरेन विधायकों 6 घंटे बाद खूंटी के डूमरगढ़ी गेस्ट हाउस से रांची लौट आए हैं। सभी विधायक अभी सीएम हाउस में ही हैं। पहली बस में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद सवार थे। रास्ते में वे ग्रामीणों से रुक रुककर मिले।
रांची में कांग्रेस विधायक दल की बैठक शुरू हो गई है। बैठक में शामिल होने के लिए झारखंड कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे भी पहुंचे हैं। झारखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायक तटस्थ हैं। कांग्रेस के बारे में अफवाह न फैलाएं। जहां भी गैर-भाजपा की सरकार है वहां सरकार को अस्थिर करने कि कोशिश की जा रही है। राज्य में किसानों की बड़ी समस्या है। सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए काम भी कर रही थी लेकिन पूरे सरकार को अस्त-व्यस्त कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि वे अपने विधायकों के साथ चर्चा करने यहां आए हैं। उनके विधायक कहां जाने वाले हैं फिलहाल वे उन्हीं से पूछ कर बताएंगे। JMM के विधायकों की बैठक भी सीएम हाउस में होनी है।
बता दें CM सोरेन विधायकों को सीएम हाउस से 3 लग्जरी बसों से खूंटी जिले के लतरातू डैम लेकर गए थे। यहां पर ढाई घंटे तक डूमरगढ़ी गेस्ट हाउस में विधायक रुके रहे। यहां रिफ्रेशमेंट के बाद मुख्यमंत्री कुछ विधायकों के साथ डैम में बोटिंग करने भी गए थे।
डूमरगढ़ी गेस्ट हाउस में लतरातू डैम के गेस्ट हाउस में विधायकों के खाने की विशेष व्यवस्था की गई थी। विधायकों के खाने के लिए मटन, फिश करी और चावल बनाया गया था। वेजिटेरियन के लिए अलग से व्यवस्था की गई थी।











