कोरबा।** नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा में टेंडर को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। भाजपा जिला मंत्री सतीश झा और भाजपा से जुड़े ठेकेदार प्रदीप अग्रवाल ने एक-दूसरे के खिलाफ थाना बांकीमोंगरा में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बांकीमोंगरा निवासी ठेकेदार प्रदीप अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि 18 मई 2026 को सतीश झा ने उन्हें फोन कर नगर पालिका के एक टेंडर को वापस लेने के लिए दबाव बनाया। आरोप है कि मना करने पर सतीश झा ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और भविष्य में नगर पालिका में काम नहीं करने देने की धमकी दी। प्रदीप ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई तथा उनकी दिवंगत माता के लिए भी अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष से लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है, जिससे परिवार भय और तनाव में है।
वहीं दूसरी ओर भाजपा जिला मंत्री सतीश झा ने भी प्रदीप अग्रवाल के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। सतीश झा ने पुलिस को बताया कि टेंडर के संबंध में बातचीत के दौरान प्रदीप अग्रवाल ने उनसे टेंडर वापस लेने के एवज में 2 प्रतिशत कमीशन की मांग की। विरोध करने पर कथित रूप से गाली-गलौज की गई और राजनीतिक नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई। सतीश झा का आरोप है कि बातचीत की रिकॉर्डिंग कर उन्हें ब्लैकमेल करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी गई।
सतीश झा ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदीप अग्रवाल किराना दुकान की आड़ में लोगों को ब्याज पर पैसा देकर उनके एटीएम और पासबुक अपने कब्जे में रखते हैं। उन्होंने कहा कि लगातार धमकियों और अपमानजनक व्यवहार से वे मानसिक रूप से परेशान हैं।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है। मामले को लेकर क्षेत्र की राजनीति और नगर पालिका के टेंडर प्रक्रिया पर भी चर्चाएं तेजहो गई हैं।








