धमतरी में पुलिस जवानों से भरी बस की ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में 16 जवान घायल हुए हैं। इनमें 4 की हालत गंभीर है। इनमें 2 महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। उन्हें रायपुर रेफर किया गया है। हादसा बस को ओवरटेक करने के दौरान हुआ है। मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, सुकमा से जवानों को रिफ्रेशर कोर्स करने के लिए 28 सितंबर को रायपुर स्थित माना कैंप भेजा गया था। वहां से प्रशिक्षण खत्म होने के बाद बुधवार को सुकमा लौट रहे थे। बस में महिलाओं समेत 20 जवान सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के आगे से परखचे उड़ गए।

घायल जवानों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
घायल जवानों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

ओवरटेक के चक्कर में हुआ हादसा

पुलिस जवानों ने बताया कि, करीब 1.30 बजे वो रायपुर से रवाना हुए थे। रास्ते में एक जगह खाना खाने के लिए रुके। इसके बाद संबलपुर के पास करीब 4 बजे ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान दूसरे ट्रक से टक्कर हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।