बिलासपुर।छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुरानी रंजिश के चलते हत्या की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सरकंडा थाना क्षेत्र के अपोलो चौक लिंगियाडीह में कुछ युवकों ने पहले तीन युवकों को वाहन से कुचलने का प्रयास किया, फिर पाइप, लाठी और ईंट से उन पर हमला कर दिया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आया है। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है।
पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अपोलो चौक लिंगियाडीह में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि छोटा हाथी वाहन में सवार होकर पहुंचे युवकों ने पहले तीन युवकों को वाहन से टक्कर मारकर कुचलने की कोशिश की। जब वे बच गए तो आरोपियों ने पाइप, लाठी और ईंट से हमला कर दिया।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
घटना का पूरा घटनाक्रम इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। सामने आए वीडियो में आरोपी युवकों को मारपीट और हंगामा करते हुए साफ देखा जा सकता है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
एक नाबालिग समेत पांच आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।











