knn24news/ सरगुजा में शराब की होम डिलीवरी के नाम पर फर्जीवाड़ा का बड़ा खुलासा हुआ है। सोशल मीडिया में इसके लिए बाकायदा पेज बनाकर 40 मिनट में शराब की होम डिलीवरी के नाम पर ठगी की जा रही है। दैनिक भास्कर रिपोर्टर ने पड़ताल के लिए ठगी करने वाले से फोन पर रिकार्डेड बात की। इस पर उसने दावा किया कि आज यानी रविवार को शराब होम डिलीवरी कराई जाती है, कम रेट में मिल जाएगी वहीं जीएसटी भी नहीं लगेगा। इसके लिए वह सीधे गोदाम से शराब की डिलीवरी करा रहा है। वहीं जब सरकारी आदेश पर सोमवार को डिलीवरी करेगा तो रेट अधिक लगेगा।
अंबिकापुर में शराब की होम डिलीवरी के लिए ठग द्वारा फोन नंबर भी जारी किया गया है। इसके लिए ठग ने 7 मई को ही पेज बनाया है और इसके बाद होम डिलीवरी के लिए लोग उससे लगातार सम्पर्क कर रहे हैं। कई लोग इसके जाल में भी फंस गए। वहीं दोपहर में इसकी जानकारी एएसपी को दी गई तो उन्होंने तत्काल इस पर कार्रवाई की बात कही। हालांकि पुलिस को भी उसका नंबर दिया जा चुका है और इसके बाद भी वह लोगों को शराब होम डिलीवरी का झांसा दे रहा है। जब दैनिक भास्कर रिपोर्टर ने ग्राहक बनकर उससे बात की और पूछा कि तुम ठगी तो नहीं कर रहे हो तो उसने कथित रूप से भरोसा दिलाने अपना पेन कार्ड वाट्सएप में भेजा और इसके बाद जब हमनें पेमेंट डिलीवरी के समय लेने के लिए कहा तो उसने फोन काट दिया।
ठग ने वाट्सएप से ब्रांड का नाम भेजने का कहा
शराब डिलीवरी के लिए हमनें जब ठग से बात की उसने कहा कि जो ब्रांड चाहिए, उसे वाट्सएप में भेजे। हमारे भेजने के बाद उसने 6000 हजार का बिल बताया और फोन पे नंबर 8099248627 पर पेमेंट करने कहा जबकि सरकार ने होम डिलेवरी के लिए एप्स लांच किया है जिसके माध्यम से बुकिंग व पेमेंट सोमवार से शुरू होगी। बता दें कि सोशल मीडिया से होम डिलीवरी के बारे में देखकर कई लोगों ने पेमेंट कर दिया, लेकिन शराब नहीं मिली तो ठगी का पता चला।
स्थानीय लोग नहीं हैं ठग, झारखंड के गिरोह के शामिल होने की आशंका, पुलिस कर रही पड़ताल
भास्कर पड़ताल में पता चला कि फोन अलग अलग लोग रिसीव करते हैं और उनके बोलने के टोन से वे स्थानीय लोग नहीं लगते। एएसपी ने कहा है कि आरोपियों तक पहुंचने साइबर सेल जुट गई है। वहीं आबकारी विभाग ने शराब की होम डिलेवरी के लिए csmcl ऑनलाइन एप्स से पेमेंट करने कहा है ताकि फर्जीवाड़ा न हो। पुलिस को आशंका है कि इस तरह का फर्जीवाड़ा झारखंड का गिरोह कर रहा है, उसका पता लगाया जा रहा है।
झारखंड के नंबर से ठगी कर रहा जालसाज साइबर सेल निकाल रही ठगों की काॅल डिटेट
^एएसपी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि उन्हें इसकी शिकायत मिली है। जो ठगी के शिकार हुए हैं वे अपराध दर्ज करा रहे हैं। साइबर सेल ने कॉल डिटेल निकालना शुरू कर दिया है। संभवतः ठग झारखंड के नंबर का उपयोग कर रहे हैं। पुलिस टीम अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लेगी, सरकार के एप्स के माध्यम से ही शराब की बुकिंग कराएं।
डिलीवरी से पहले शराब के बदले 6 हजार रुपए का पेमेंट मांगा
ठग से बातचीत के बाद उसे ब्रांड व बोतल संख्या नाम लिखकर भेजा गया, जिसके बाद उसने 6000 हजार का बिल पेमेंट करने फोन पे नंबर भेजा, वही जब उसे फर्जीवाड़ा करने की बात कही गई तो उसने खुद को सही बताने एक पेन कार्ड वाट्सएप किया और जब हमनें इसके बाद भी उसे फेक बताते कहा कि तुम पर भरोसा नहीं, जब होम डिलेवरी करना तब पैसे लेना तो उसने कहा- अब तक तो शराब आपके पास पहुंच गई होती। फिर कॉल कट कर दिया।










