कोरबा के आरएसएस नगर में कुछ ठेका कर्मियों ने जमकर बवाल किया। इस कॉलोनी में ठेका कर्मी मनीष कुमार का अपने साथियों के साथ विवाद हुआ, जिसके बाद गाली-गलौज शुरू हो गई। इस पर नीचे रहने वाले नूतन राजवाड़े के परिवार की महिलाओं ने इस पर आपत्ति जताई। महिलाओं ने जब गाली-गलौज से मना किया तो मनीष और उसके दोस्तों ने बदसलूकी की।
इसके बाद मनीष और उसके साथियों ने डंडों और मुक्कों से नूतन राजवाड़े और संजय सिंह की पिटाई कर दी। दोनों ने अपना बचाव करने की कोशिश की, लेकिन मारपीट जारी रही। इस दौरान कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मारपीट में तीन लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। पीड़ित पक्ष ने रात में ही मानिकपुर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई।
जानिए क्या है पूरा मामला
यह मामला मानिकपुर पुलिस चौकी के आरएसएस नगर का है। जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार रात लगभग 10 बजे की है। मनीष कुमार, जो ठेका कर्मचारी है और आरएसएस नगर में किराए के मकान में रहता है। उस रात उसका अपने साथियों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मनीष का दोस्तों के साथ हुआ विवाद बढ़ गया और हंगामे में बदल गया। इसी बीच मनीष ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
