रायपुर। शहर के वीआईपी चौक के पास शनिवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती सिटी बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बस से धुआं उठने लगा और आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में सवार यात्रियों ने हालात बिगड़ते देख किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग दहशत में इधर-उधर भागते नजर आए।
बताया जा रहा है कि बस में आग बुझाने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर मौजूद नहीं था, जिसके चलते आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। यह घटना पंडरी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि फायर ब्रिगेड की टीम देर से मौके पर पहुंची। तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन घटना ने शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







