बिलासपुर। शहर में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया, जहां तालाब में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक अपने पांच दोस्तों के साथ घूमने निकले थे और हाथ-मुंह धोने के दौरान पैर फिसलने से गहरे पानी में चले गए। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, बंधवापारा निवासी हिमांशु चहांदे (21) और देवरीखुर्द निवासी शिवम मानिकपुरी (20) रविवार दोपहर अपने पांच साथियों के साथ खमतराई की ओर घूमने गए थे। सभी अमहा तालाब के किनारे एक पेड़ के नीचे बैठकर बातचीत कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि शाम करीब चार बजे हिमांशु और शिवम हाथ-मुंह धोने तालाब के पास गए। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों सीधे गहरे पानी में चले गए। दोनों को तैरना नहीं आता था, जिससे वे खुद को संभाल नहीं सके और डूब गए।
साथियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की। एक युवक पानी में उतरा, लेकिन उसे भी तैरना नहीं आता था और वह भी डूबने लगा। अन्य दोस्तों ने किसी तरह उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक हिमांशु और शिवम गहराई में समा चुके थे।
बताया जा रहा है कि तालाब से मुरूम निकालने के लिए जेसीबी से लगातार खुदाई की गई है, जिससे इसकी गहराई काफी बढ़ गई है और किनारे से ही गहरा पानी शुरू हो जाता है। इसी वजह से हादसा और गंभीर हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिले में पिछले तीन वर्षों में तालाब, नदी और खदान में डूबने से 17 लोगों की मौत हो चुकी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।








