Tuesday, May 5, 2026

तीन दिन ऐसा ही मौसम, 15 से तेज आंधी-बारिश; पहले ही दिन सुपेला रोड बनी तालाब

knn24news छत्तीसगढ़ में मानसून ने दस्तक दे दी है। मुंगेली, जशपुर व कबीरधाम सहित कई जिलों में बारिश के शनिवार देर शाम दुर्ग जिले में भी मौसम बदला। यहां 8 बजे से लेकर रात 10.30 बजे तक झमाझम बारिश हुई। इस बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं भिलाई नगर निगम के मानसून पूर्व इंतजाम की पोल खोल दी। बारिश के चलते सुपेला रोड पानी से लबालब हो गई। नालियों से निकासी न हो पाने के चलते चारों तरफ पानी ही पानी दिखाई दे रहा था। आने वाले दिन में यह समस्या और बड़ी हो सकती है।

दुर्ग जिले के मौसम की बात करें तो शनिवार शाम से तेज हवा चलने के साथ ही बदली छाई थी। कुछ देर बाद हल्की बूंदाबांदी के साथ शुरू हुई बारिश तेज हो गई। लगभग दो घंटे तेज बारिश के चलते पूरा शहर तर हो गया। इस बारिश ने गर्मी से लोगों को राहत दी। 40 डिग्री सेल्सियस का पारा धड़ाम से 28 डिग्री पर आ गया। मौसम विभाग के अनुसार यह मानसून पूर्व की बरसात है। अगले तीन दिनों तक मौसम इसी तरह रहेगा। फिर 15-18 जून जिले में गरज चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है।

तेजी से आगे बढ़ रहा मानसून

मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया, प्रदेश की हवा में नमी का सबसे बड़ा स्रोत अरब सागर और बंगाल की खाड़ी है। अभी पश्चिमी हवा प्रबल हो रही है। पश्चिमी रेखा के साथ मानसून बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। अभी वह महाराष्ट्र के बड़े हिस्से को पार कर चुका है। कल तक उसके गुजरात पहुंच जाने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में उधर से आने वाली हवाएं नमी युक्त ठंडी हैं। यही नमी अनुकूल परिस्थितियों में बादल बनाती है और बरसात करती हैं। स्थानीय परिस्थितियों की वजह से प्री मानसून की बरसात होती है। उसके लिए अभी परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं।