बालोद। जिले के पुरूर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक समेत दो युवकों की मौत हो गई। यह हादसा जगतरा गांव स्थित नैकुरा पुलिया के पास हुआ, जहां पीछे से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम डोकला (थाना चारामा) निवासी योगेश्वर साहू (32 वर्ष) और देवेंद्र पाड़े (30 वर्ष) देर रात ट्रैक्टर में झटका तार और पोल लेकर फागुनदहा गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नैकुरा पुलिया के पास पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने ट्रैक्टर को तेज रफ्तार में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुरूर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी वाहन की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जा सके।







