रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। घरघोड़ा थाना क्षेत्र में भेंगारी से टीआरएन कंपनी जाने वाले मार्ग पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर टीआरएन कंपनी की दीवार से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
तेज रफ्तार में अनियंत्रित हुई बाइक
जानकारी के मुताबिक, हादसा बीती रात करीब 8 बजे हुआ। बाइक पर तीन युवक सवार थे और वे भेंगारी की ओर से टीआरएन कंपनी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित कंपनी की दीवार से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
घायल युवक को अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे की सूचना आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही घरघोड़ा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
मृतकों और घायल की पहचान नहीं
हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों और घायल युवक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान के लिए आवश्यक जानकारी जुटा रही है और परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर बाइक की तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक परिस्थितियां जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।









