Monday, April 6, 2026

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर: सड़क पार कर रही 3 महिलाओं की मौत, चालक नशे में धुत, भीड़ ने की पिटाई

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा नेशनल हाईवे-130 पर मणिपुर थाना क्षेत्र के भिठ्ठीकला गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने सड़क पार कर रही महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी।

मिली जानकारी के अनुसार, भिठ्ठीकला के साप्ताहिक बाजार में सब्जी बेचने जोगीबांध गांव से आई तीन महिलाएं शाम करीब 7 बजे घर लौटने के लिए सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान 60 वर्षीय मुन्नी बाई, राम बाई और 55 वर्षीय एक अन्य महिला के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि वाहन चालक नशे की हालत में था। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया और गुस्साई भीड़ ने चालक की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायल चालक को भीड़ से बचाकर लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।

वहीं, तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मर्चुरी में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।