कोरबा। जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा बलगी मोड़ से आगे स्थित शराब दुकान के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सुमेधा सलिहा भांठा निवासी रामेश्वर दास (उम्र लगभग 35 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह करीब 9 बजे वह अपनी बाइक से कहीं जा रहा था, तभी सामने से तेज गति से आ रहे हाइवा वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रामेश्वर दास ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही बांकी मोंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, पुलिस ने हाइवा वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।






